रीवा के बायपास पुल का सुधार कार्य 15 दिन में पूर्ण करें : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

 


- उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने की रीवा की यातायात व्यवस्था की समीक्षा

रीवा, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को रीवा प्रवास के दौरान नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बायपास मार्ग में पुल के सुधार का कार्य 15 दिन में अनिवार्य रूप से पूरा कराएं।

बैठक में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्माण एजेंसी से बायपास मार्ग पर स्थित पुल के मरम्मत कार्य की विस्तृत जानकारी ली और हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 दिनों के भीतर पुल के सुधार का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि पुल से आवागमन बाधित होने के कारण शहर के भीतरी मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है, जिससे आमजन को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में वैवाहिक सीजन के कारण रात्रि में सड़कों पर बढ़ती चहल-पहल को देखते हुए उन्होंने बायपास रोड के चौड़ीकरण कार्य को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए यातायात बाधित करने वाले तत्वों पर वैधानिक कार्यवाही करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर चालानी कार्यवाही जारी रखें। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करें। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री ने शहर में ऑटो रिक्शा के लिए सुनियोजित पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा एक तेजी से उभरता हुआ महानगर है, अतः यहाँ की व्यवस्थाएं आधुनिक और भविष्य की आवश्यकताओं के दृष्टिगत होनी चाहिए। शुक्ल ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को 'फील्ड' पर सक्रिय होने तथा वास्तविक समस्याओं का निरीक्षण कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता को सुगम और निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा संभाग मध्य प्रदेश का ऐसा पहला संभाग बनने जा रहा है, जहाँ रिंग रोड और बुनियादी ढांचे का कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।समीक्षा

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर