अनूपपुर: जनसुनवाई: फर्जी पट्टा और आंगनवाड़ी भर्ती की शिकायत, कलेक्टर से जांच की मांग
अनूपपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालय अनूपपुर में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई हुई। इसमें प्रशासनिक गड़बड़ियों और भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए दो अलग-अलग मामले सामने आए।
पहला मामला सरकारी जमीन पर फर्जी पट्टे से जुड़ा है, जबकि दूसरा आंगनवाड़ी सहायिका भर्ती प्रक्रिया की जांच से संबंधित है। साथ ही कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों 38 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।
कोतमा तहसील के ग्राम मैनटोला के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शासकीय भूमि पर फर्जी तरीके से पट्टा जारी किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि खसरा नंबर 101 की 8.126 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर ग्राम पंचायत बैहाटोला ने वृक्षारोपण किया है। वर्ष 2022-23 में यहां अमृत सरोवर तालाब भी बनाया गया है। यह जमीन आदिवासी ग्रामीण मवेशियों के चरनोई, गोठान और खेती के लिए इस्तेमाल करते आ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के ग्राम राजाकछार निवासी जेठू यादव (पिता मैकू यादव) ने अधिकारियों को प्रभावित कर इस भूमि पर फर्जी कब्जा दर्ज करा लिया है।
हल्का पटवारी ने ग्रामीणों को बताया कि जेठू यादव यहां 30-35 साल से रह रहे हैं, जबकि ग्रामीणों के अनुसार वे कभी इस जमीन पर नहीं रहे और न ही खेती की। गोविंदसिर, सुखसेन, शंकर सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कमलेश, ठाकुर प्रसाद, सुरेश और गणेश सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने इस फर्जी पट्टे की जांच और इसे तुरंत रद्द करने की मांग की है।
वहीं, पुष्पराजगढ़ तहसील के वार्ड क्रमांक 3 (लहरान टोला) की गीतांजलि सिंह ने आंगनवाड़ी सहायिका चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है। गीतांजलि ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र लहरान टोला के सहायिका पद की मेरिट सूची में उन्हें पहला स्थान मिला है।
हालांकि, मेरिट सूची में दूसरे स्थान पर रही पार्वती देवी (पति राजमणि सिंह) ने 14 अप्रैल को गीतांजलि की कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम पर आपत्ति दर्ज कराई है।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम अमरकंटक निवासी मगनदास बाबा ने गौशाला के लिए भूमि आवंटित करने तथा रविदास आश्रम एवं भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की। तहसील अनूपपुर के ग्राम कोंडाकांसा निवासी कुंती बाई ने घरेलू विद्युत कनेक्शन जोड़ने, तहसील अनूपपुर के ग्राम टिकरी टोला मानपुर निवासी रामदुलारे कोल ने भरण-पोषण के लिए सहायता प्रदान करने तथा तहसील कोतमा के वार्ड क्रमांक 18, कुसुमहाई-कोंटार निवासी कमलवती ने राशन कार्ड बनाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। तहसील जैतहरी के ग्राम मलका एवं ग्राम चोलना निवासी शोभा सिंह ने उद्यानिकी विभाग से स्प्रिंकलर पाइप उपलब्ध कराने तथा तहसील कोतमा के ग्राम दुलही बांध निवासी हंसू चौधरी ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला