सेवा को संकल्प बनाकर आगे बढ़ना हमें प्रधानमंत्री मोदी ने सिखाया: गोविंद सिंह राजपूत
- सुरखी में सेवा संकल्प अभियान की गूंज, रक्तदान से लेकर कृषि कार्यक्रमों में भागीदारी
सागर/सुरखी, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर गुरुवार को सुरखी विधानसभा क्षेत्र के सभी छह मंडलों में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। रक्तदान शिविर, कृषि गतिविधियों और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। सुरखी विधायक एवं प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
मंत्री राजपूत ने दोपहर में सागर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इसके बाद कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल हुए। शाम को राहतगढ़ के बनेनीघाट और सांदीपनि विद्यालय परिसर में ‘आओ मिलकर विकास के दीप जलाएं’ कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, विकास और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
‘सेवा को संकल्प बनाकर आगे बढ़ना ही जन्मदिवस की सार्थकता’
राहतगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिवस केवल उत्सव तक सीमित न रहकर समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर होना चाहिए। उनके अनुसार, सेवा और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना इस अवसर की सार्थकता है। मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने की अपील की।
योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने पर जोर
मंत्री गाेविंद सिंह राजपूत ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के जरिए गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता तभी मानी जा सकती है, जब पात्र व्यक्ति तक उसकी जानकारी और लाभ दोनों पहुंचे। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं को आमजन से संवाद करने और उनकी समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने पर ध्यान देना चाहिए।
रक्तदान शिविर में युवाओं से आगे आने की अपील
सागर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। उन्होंने युवाओं और कार्यकर्ताओं से ऐसे जनसरोकार के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
कृषि महोत्सव में किसानों से जुड़े विषयों पर चर्चा
मंत्री ने कृषि उपज मंडी, सागर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान कृषि विकास, सिंचाई सुविधाओं और आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर भी जानकारी साझा की गई।
17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत सुरखी विधानसभा क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रक्तदान, कृषि, सामाजिक सेवा और जनभागीदारी से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। मंत्री राजपूत ने भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रमों में राहतगढ़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे