भोपाल : गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाओं का निगम आयुक्त ने लिया जायजा

 


भोपाल, 22 सितंबर (हि.स.)। गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान विसर्जन को लेकर नगर निगम भोपाल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने मंगलवार सुबह शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों, घाटों और कुंडों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निगम आयुक्त ने प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, शाहपुरा, बैरागढ़, मालीखेड़ी और हथाईखेड़ा स्थित विसर्जन स्थलों एवं कुंडों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन एवं अन्य संसाधनों, साफ-सफाई तथा पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली।

श्रीमती जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर सफाई व्यवस्था लगातार उच्च स्तर की रखी जाए। प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद उनके अवशेषों को तत्काल बाहर निकालकर संबंधित स्थल को साफ कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और घाट एवं कुंड स्वच्छ बने रहें।

निगम आयुक्त ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी घाटों और कुंडों पर बैरीकेटिंग मजबूत रखी जाए। पर्याप्त संख्या में गोताखोर और नाव उपलब्ध रहें तथा सभी जरूरी संसाधनों एवं उपकरणों से लैस फायर ब्रिगेड का अमला तैनात रहे।

इसके अलावा श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र और सूचना फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रहनी चाहिए।

निगम आयुक्त ने सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से विभिन्न विभागों और निगम के संबंधित अमले के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए।

निगम आयुक्त ने डोल ग्यारस के अवसर पर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में छोटी गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान विसर्जन के लिए बनाए गए अस्थायी एकत्रीकरण एवं विसर्जन स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी प्रतिमाओं को कुंडों और पात्रों में पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जित करने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अक्षय कुमार तेम्रवाल, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह एवं वरुण बड़ेरिया, उपायुक्त भुवन गुप्ता एवं चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग एवं आर.आर. जरोलिया सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों पर तैनात अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा