होलिका पर्व पर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और महाकाल लोक में रंग-गुलाल पूर्णतः प्रतिबंधित

 


उज्जैन, 27 फ़रवरी (हि.स.)। होलिका पर्व के अवसर पर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर एवं महाकाल लोक क्षेत्र में रंग-गुलाल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। मंदिर प्रशासन ने 2 एवं 3 मार्च को लागू रहने वाले इस निर्णय के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि होलिका पर्व के दौरान मंदिर की परंपराओं के समुचित निर्वहन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार गर्भगृह, नंदी मंडपम्, गणेश मंडपम्, कार्तिकेय मंडपम् सहित पूरे मंदिर परिसर तथा महाकाल लोक में रंग-गुलाल ले जाना, रंग उड़ाना, एक-दूसरे को रंग लगाना अथवा किसी उपकरण के माध्यम से रंग का उपयोग करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

जारी किए गए प्रमुख निर्देश:

-

मंदिर एवं महाकाल लोक में कार्यरत पुजारी, पुरोहित, प्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिसकर्मी, सुरक्षाकर्मी, सफाईकर्मी, सेवक, परिसर स्थित अन्य मंदिरों के पुजारी तथा सभी आउटसोर्स कर्मचारी रंग-गुलाल लेकर प्रवेश नहीं करेंगे और आपस में रंग नहीं लगाएंगे।

-

श्रद्धालु भी मंदिर परिसर एवं महाकाल लोक में रंग-गुलाल लेकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

-

सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात निरीक्षक एवं सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं के साथ सौजन्यपूर्ण व्यवहार रखते हुए सतत जांच सुनिश्चित करेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति रंग-गुलाल लेकर अंदर न जा सके।

-

मंदिर परिसर में कार्यरत सभी कर्मचारी एवं सेवक अपने साथ लाए गए सामान की स्वयं जांच कराकर ही प्रवेश करेंगे।

-

मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सभी द्वारों और पूरे परिसर की निरंतर निगरानी करेंगे, जिससे किसी भी प्रकार के रंग-गुलाल अथवा उपकरण के उपयोग को रोका जा सके।

हालांकि, भगवान महाकालेश्वर की त्रिकाल आरती के दौरान प्रत्येक आरती में 1-1 किलोग्राम हर्बल गुलाल प्रतीकात्मक रूप से अर्पित किया जाएगा। यह हर्बल गुलाल मंदिर की कोठार शाखा द्वारा भस्म आरती पुजारी, शयन आरती पुजारी एवं शासकीय पुजारी को उपलब्ध कराया जाएगा।

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी उसी की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल