मंदसौरः कलेक्टर ने नीट परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

 


मंदसौर, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में आगामी 3 मई 2026 को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर अदिती गर्ग व पुलिस अधिकक्षक विनोद कुमार मिना ने मंगलवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रीय विद्यालय मंदसौर, पीजी कॉलेज, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छांव, टेंट, टेबल-कुर्सी तथा कक्षाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, कक्षाओं में पंखों की व्यवस्था, स्वच्छ व कार्यशील वॉशरूम तथा दरवाजे-खिड़कियों को व्यवस्थित रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा 2026 का आयोजन 3 मई 2026 को दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक किया जाएगा।

मंदसौर नगर में परीक्षा हेतु निम्नलिखित केंद्र निर्धारित किए गए हैं— लाल बहादुर शास्त्री शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेशन रोड, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधी चौराहा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, मंदसौर, राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय, महू-नीमच रोड। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया