सागर कलेक्टर का औचक निरीक्षण: राजघाट और नए बस स्टैंड पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं, शुद्ध पेयजल के लिए दिए सख्त निर्देश
सागर, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिभा पाल ने रविवार को शहर की लाइफ लाइन माने जाने वाले राजघाट जल परियोजना और मेंनपानी स्थित नए बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि मौके पर ही जल शुद्धता की जांच कराकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
कलेक्टर ने राजघाट पहुंचकर शहर की पेयजल आपूर्ति प्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने जल शोधन प्रक्रिया और लैब में रखे गए लॉग बुक का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर ही पानी के नमूनों की जांच की गई, जिसमें पानी का पीएच (pH) स्तर 7.30 पाया गया। यह स्तर मानक अनुसार पूरी तरह उपयुक्त और स्वास्थ्यप्रद है। निरीक्षण के समय नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, उपायुक्त एस.एस. बघेल, इंजीनियर संजय तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने टाटा द्वारा निर्मित 5.7 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर हाउस में स्थापित स्काडा सिस्टम का अवलोकन किया। उन्होंने सिस्टम के माध्यम से जल वितरण की रियल-टाइम मॉनिटरिंग को समझा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी दूषित पानी की सप्लाई नहीं होनी चाहिए। लीकेज की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी खराबी को तत्काल सुधारा जाए।
राजघाट के पश्चात कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मेंनपानी (नए आरटीओ के पास) स्थित नए बस स्टैंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और बसों के आवागमन की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस स्टैंड पर यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे