सागर: नई कलेक्टर प्रतिभा पाल का एक्शन प्लान, विकास और जनसेवा पर फोकस
सागर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की नवागत कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद विकास कार्यों को नई गति देने के संकल्प के साथ मंगलवार को मीडिया से सीधा संवाद किया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित परिचर्चा में उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं और जिले की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जिले में बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण उनकी शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों का उन्नयन कर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक डॉक्टरों की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु ‘रियल-टाइम मॉनिटरिंग’ प्रणाली लागू की जाएगी।
कृषि प्रधान जिले की जरूरतों पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके अलावा ‘जल जीवन मिशन’ के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को प्रोत्साहित करने की बात भी कही।
संवाद के दौरान कलेक्टर का सख्त रुख भी सामने आया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित की योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन का मूल उद्देश्य ‘अंत्योदय’ बताते हुए कहा कि हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पत्रकारों ने शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। कलेक्टर ने इन सुझावों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मीडिया की भूमिका पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया ‘वॉचडॉग’ और ‘मार्गदर्शक’ दोनों है। सकारात्मक और जागरूकता फैलाने वाली खबरों के माध्यम से आमजन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, सहायक संचालक जनसंपर्क सौम्या समैया, मनोज नेमा सहित जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे