राजगढ़ः कलेक्टर ने मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का किया निरीक्षण, लापरवाही पर कार्यवाही के निर्देश

 


राजगढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने शनिवार को खिलचीपुर विकासखंड में संचालित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिट्टी परीक्षण की प्रक्रिया,उपकरणों के उपयोग और रिपोर्ट तैयार करने की विधि का विस्तृत अवलोकन किया। अधिकारियों से परीक्षण की उपयोगिता एवं रिपोर्ट की सटीकता को लेकर जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छता व सुव्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव कार्य की गुणवत्ता पर पड़ता है।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मृदा परीक्षण रिपोर्टों की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर गंभीरता व्यक्त करते हुए संबंधित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को सटीक, विश्वसनीय और वैज्ञानिक आधार पर तैयार मृदा परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मृदा परीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि किसानों को उनकी भूमि की उर्वरता और पोषक तत्वों की स्थिति के अनुरूप सही सलाह मिल सके। इससे उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी और किसान वैज्ञानिक खेती की ओर अधिक प्रेरित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक