राजगढ़ः पीएम केयर्स योजना के बच्चों से कलेक्टर ने किया संवाद, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
राजगढ़, 09 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने गुरुवार को त्रैमासिक मुलाकात कर संवाद किया।
इस दौरान बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजना से उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य-सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है। जिले में कुल 7 बच्चे इस योजना से लाभ ले रहे हैं, जिन सभी ने कोविड-19 के दौरान अपने माता-पिता को खोया था। योजना के प्रावधानों के अनुसार, बच्चों को कक्षा 1 से 12वीं तक प्रतिवर्ष 20 हजार रुपए, 18 वर्ष की आयु तक 4 हजार रुपये प्रति माह तथा 23 वर्ष पूरे होने पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
संवाद के दौरान बच्चों को शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बच्चों को हौसला देते हुए आत्मनिर्भर बनने, नियमित अध्ययन करने और अपने लक्ष्यों पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना की सभी सुविधाएँ पात्र बच्चों तक समय पर एवं पूर्ण रूप से पहुँचे। यह संवाद बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक कदम साबित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक