मंदसौरः कलेक्टर ने संजय गांधी उद्यान में पुस्तक मेले का शुभारंभ किया
मंदसौर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में कलेक्टर अदिती गर्ग ने बुधवार को संजय गांधी उद्यान (पं. मदनलाल जोशी सभागृह) में आयोजित पुस्तक मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी बघेल, सीएसपी मंदसौर, एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं पुस्तक विक्रेता, पत्रकार उपस्थित रहे।
यह पुस्तक मेला 5 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। मेले में विभिन्न पुस्तक विक्रेताओं द्वारा लगभग 20 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां शैक्षणिक पुस्तकों, कॉपियों एवं अन्य सामग्री पर विशेष छूट दी जा रही है। निजी प्रकाशनों की पुस्तकों पर 15%, कॉपियों पर 30% तथा शैक्षणिक सामग्री पर 10% की छूट उपलब्ध है। एनसीईआरटी की पुस्तकें नेट रेट पर प्रदान की जा रही हैं। साथ ही करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मेले में स्थापित पुस्तक बैंक विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसमें विद्यार्थी एवं अभिभावक स्वप्रेरणा से अपनी पुरानी पुस्तकें दान कर रहे हैं। अपना घर की बालिकाओं द्वारा 11वीं, 9वीं एवं द्वितीय कक्षा की पुस्तकें दान की गईं, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना करते हुए बधाई दी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुस्तक बैंक में पुस्तकों का व्यवस्थित प्रदर्शन किया जाए तथा कक्षा-वार रैक बनाकर उन्हें सजाया जाए, जिससे जरूरतमंद विद्यार्थियों को आसानी से पुस्तकें उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि मेले में एमपी बोर्ड, सीबीएसई एवं एनसीईआरटी पाठ्यक्रम की सभी प्रकार की पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त स्कूल बैग, यूनिफॉर्म एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उचित दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। नए शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सुलभ दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। कलेक्टर ने जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे पुस्तक मेले का अधिक से अधिक लाभ लें तथा नई कक्षा में प्रवेश करने वाले विद्यार्थी अपनी पुरानी पुस्तकें पुस्तक बैंक में दान कर जरूरतमंद बच्चों की सहायता करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया