मंदसौरः नवीन एमसीएच भवन में ओटी एवं लेबर रूम शीघ्र शुरू करने के कलेक्टर ने दिये निर्देश

 


मंदसौर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में कलेक्टर अदिति गर्ग ने बुधवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस परिसर में हाल में निर्मित किये गये मातृ एवं शिशु कल्याण संस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने आपरेशन थियेटर एवं लेबर रूम शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने डॉक्टरों की बैठक व्यवस्था बेहतर करने तथा सुविधाओं का विस्तार करने, गनेड़ीवाल धर्मशाला के जीर्णोध्दार के लिये भी निर्देशित किया। चिकित्यालय में दी जा रही सेवाओं के संबंध में सीधे मरीजों से चर्चा की। मरीजों ने सेवाओं को संतोषप्रद बताया। एनसीडी शाखा के निरीक्षण के दौरान मरीजों के उपचार तथा दवाओं के रिकार्ड की बारिकी से जांच की। चिकित्सालय में स्वच्छता का भी जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये। आदित्य भवन स्थित ओपीडी में कलेक्टर ने पहुंचकर मरीजों के परीक्षण तथा उपचार का जायजा लिया, परिजनों से चर्चा की।

कलेक्टंर द्वारा ओपीडी कक्ष, अस्थि रोग, दंत रोग, फिजियोथैरेपी कक्ष, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार कक्ष, स्त्री रोग ओपीडी, बाल रोग चिकित्सा कक्ष, लेबर रूम तथा पीएनसी-एनआरसी वार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की माताओं से उनके स्वास्थ्य एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बातचीत की। साथ ही प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं से भी चर्चा कर उपचार एवं देखभाल की जानकारी ली।

कलेक्टर ने अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति (अटेंडेंस) की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए अलग एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान एसडीएम शिवलाल शाक्य, सीएमएचओ डॉ. गोविंद सिंह चौहान, सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया