सागर: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गढ़ाकोटा आश्रम शाला का किया औचक निरीक्षण
सागर, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बुधवार को रहली विकासखंड के गढ़ाकोटा स्थित 'राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह आश्रम' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था में निवासरत बच्चों के आवास, खान-पान, सुरक्षा, पेयजल और शिक्षा के स्तर का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आश्रम शाला में स्वीकृत क्षमता और वर्तमान में नामांकित बच्चों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं आश्रम अधीक्षक को कड़े निर्देश दिए कि क्षेत्र के पात्र जनजातीय बच्चों को चिन्हित कर संस्था की क्षमता अनुसार 100% सीटों पर तत्काल प्रवेश सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के छात्रों तक पहुँच सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधा संवाद किया और उनसे गणित के पहाड़े सुने। बच्चों द्वारा उत्साह और सटीकता से उत्तर देने पर कलेक्टर ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शाबाशी दी। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा खूब खेलो, मन लगाकर पढ़ाई करो और जीवन में निरंतर आगे बढ़ो।
भोजनालय व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर स्वयं स्टोर रूम में पहुँचीं। उन्होंने वहाँ भंडारित गेहूं, चावल, दालों और अन्य खाद्य सामग्रियों की स्वच्छता एवं गुणवत्ता को परखा। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि बच्चों के भोजन के लिए केवल उच्च मानक और पौष्टिक सामग्री का ही उपयोग किया जाए तथा भण्डारण स्थल पर स्वच्छता का कड़ाई से पालन हो।
कलेक्टर ने परिसर में शुद्ध पेयजल, पर्याप्त प्रकाश, नियमित उपस्थिति और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय आश्रमों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर आश्रमों का औचक निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए। इस औचक निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम कुलदीप पाराशर, छात्रावास अधीक्षक एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे