राजगढ़ः सिंदूरिया में खरीदी केन्द्र खोलने की मांग तेज, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 01 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सिंदूरिया क्षेत्र में गेहूं खरीदी केन्द्र पुनः स्थापित करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो किसान चक्काजाम, धरना-प्रदर्शन जैसे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पिछले 12 वर्षों से ग्राम सिंदूरिया में खरीदी केन्द्र नियमित रूप से संचालित हो रहा था, लेकिन इस वर्ष इसे उपार्जन केन्द्र के रूप में सूचीबद्ध नहीं किया गया। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों में भारी नाराजगी है। कांग्रेस ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र बंद होने से किसानों को दूर-दराज के उपार्जन केन्द्रों तक जाना पड़ेगा, जिससे परिवहन खर्च बढ़ेगा और अतिरिक्त समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधक नितिनकुमार अहिरवार ने पूर्व कर्मचारियों से मिल रही धमकियों और सुरक्षा के अभाव का हवाला देकर केन्द्र स्थापित न करने की बात कही। बताया गया कि समिति तक पहुंचने के रास्ते में बाधाएं डाली जाती हैं, गाली- गलौज होती है और जानमाल का खतरा होता है। पूर्व कर्मचारी उपार्जन कार्य में दोबारा शामिल किए जाने का दबाव भी बना रहे हैं। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि जिले में 86 खरीदी केन्द्र पहले ही बनाए जा चुके हैं, लेकिन सिंदूरिया को सूची में शामिल न करना अनुचित है। कांग्रेस ने मांग की कि ग्राम सिंदूरिया में जल्द से जल्द खरीदी केन्द्र प्रारंभ किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह खींची, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक