राजगढ़ः छात्रावासों के मेधावी विद्यार्थियों ने बढ़ाया जिले का मान, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया सम्मानित

 


राजगढ़, 11 मई(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के छात्रावासों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। जिला पंचायत सभागार में सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और स्कूल बैग किट प्रदान कर सम्मानित किया।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं है,बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी सफलता में बाधा नहीं बन सकती, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से समय प्रबंधन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। कलेक्टर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन व प्रयासों से ऊंचाइयाँ मिल सकती हैं। छात्रावास के विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया कि कठिन परिस्थितियाँ भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गढ़पाले ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देती है, इसलिए निरंतर सीखने और जिले का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में अभिभावकों सहित जिला शिक्षा अधिकारी करणसिंह भिलाला, संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग निशा जैन, छात्रावास अधीक्षक, वार्डन और शिक्षक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक