अनूपपुर: दीपावली पर्व पर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए खरीदे आकर्षक गिफ्ट हैंपर, कलेक्टर ने की अपील

 


अनूपपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में दीपावली पर्व के अवसर पर स्व सहायता समूहों की महिलाओं( आजीविका दीदियो) द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आकर्षक गिफ्ट हैम्पर तैयार किए गए हैं। शुक्रवार को कलेक्टर रत्नाकर झा ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तैयार किए गए ये गिफ्ट हैम्पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आजीविका आउटलेट से गिफ्ट हैम्पर की खरीद के लिए जिलेवासियों से अपील की है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने बताया कि गिफ्ट हैम्पर में समूहों द्वारा प्रसंस्कृत कोदो, कोदो कुकीज, शहद, गोंडी पेंटिंग युक्त रुमाल, मिट्टी के दीपक,गौ-काष्ठ से निर्मित दीपक, रंगोली के रंग, रुई एवं बाती सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों को शामिल किया गया है। इसके अलावा आजीविका आउटलेट में स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार अन्य उत्पाद भी उपलब्ध हैं।

स्थानीय उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाने से स्व सहायता समूहों की महिलाओं के हुनर और मेहनत को प्रोत्साहन मिलेगा तथा उनकी आजीविका को सशक्त बनाने में भी सहयोग प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला