सागर में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: 13 पटवारी निलंबित, 137 को शो-कॉज नोटिस

 


सागर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 13 पटवारी निलंबित; 137 को नोटिस

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कलेक्टर प्रतिभा पाल सख्त, लंबित प्रकरणों और कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद कार्रवाई

सागर, 9 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में राजस्व कार्यों और शासन की जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने 13 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 137 अन्य पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। समीक्षा बैठकों और मैदानी निरीक्षण के दौरान शासकीय कार्यों के लंबित प्रकरणों तथा कार्यप्रणाली में कमियों के सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के राजस्व विभाग और मैदानी अमले में हलचल तेज हो गई है। उक्‍त आदेश आठ अक्‍टूबर देर रात जारी किया गया है।

लंबित प्रकरणों पर प्रशासन सख्त

हालिया समीक्षा बैठकों और मैदानी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने विभिन्न तहसीलों में शासकीय कार्यों के लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 13 पटवारियों के निलंबन के साथ 137 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करना राजस्व कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी और हितग्राहीमूलक योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी और सटीक क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इन 13 पटवारियों पर हुई कार्रवाई

प्रशासन की ओर से निलंबित किए गए पटवारियों के नाम और पदस्थापना स्थल इस प्रकार हैं-

सुश्री मीना खैरवार - पटवारी, प.ह.नं. 31, ग्राम मोठी, तहसील सागर ग्रामीण।

श्रीमती लक्ष्मी जाटव- पटवारी, प.ह.नं. 96, ग्राम भौंहारी, तहसील सागर ग्रामीण।

अखिलेश दीक्षित - पटवारी, बमनोदा, प.ह.नं. 38, तहसील गढ़ाकोटा।

राजकुमार गौड़ - परिवीक्षाधीन पटवारी, तहसील केसली।

भूपेन्द्र राज - परिवीक्षाधीन पटवारी, तहसील केसली।

अजय श्रीवास्तव- पटवारी, ह.नं. 61, राजस्व निरीक्षक मंडल विनायठा, तहसील खुरई।

गोविन्द राय - पटवारी, ह.नं. 6, राजस्व निरीक्षक मंडल खिमलासा, तहसील खुरई।

पुष्पेन्द्र भदौरिया - पटवारी, ह.नं. 38, तहसील मालथौन।

महेन्द्र अर्गल - पटवारी, ह.नं. 28, तहसील मालथौन।

योगेन्द्र प्रताप - परिवीक्षाधीन पटवारी, ह.नं. 1/3, तहसील बांदरी।

दिलीप राजा - पटवारी, हल्का नंबर 41 एवं 47, तहसील बंडा।

अभिषेक कोरी - पटवारी, हल्का नंबर 65, सिंगरावन, तहसील बंडा।

ब्रजेंद्र रावत - पटवारी, हल्का नंबर 4, जूना, तहसील रहली।

137 पटवारियों से मांगा जवाब

निलंबन की कार्रवाई के अतिरिक्त 137 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनसे कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई कमियों के संबंध में जवाब मांगा गया है। प्रशासनिक कार्रवाई का उद्देश्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और मैदानी स्तर पर जवाबदेही तय करने पर केंद्रित है।

कलेक्टर की कार्रवाई के बाद अब संबंधित कर्मचारियों के जवाब और प्रशासन की आगे की प्रक्रिया पर नजर रहेगी। जिले में राजस्व कार्यों की नियमित निगरानी के माध्यम से लंबित मामलों के निराकरण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे