आवंटित राशि ने अनियमितता को लेकर सीएमएचओ सहित चार को नोटिस जारी
जबलपुर, 26 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जबलपुर जिले में संचालित संजीवनी क्लीनिकों के लिए आवंटित राशि के उपयोग में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस मामले में डॉ. नवीन कोठारी सहित चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जारी नोटिस के अनुसार, वर्ष 2025-26 में शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के अनुरूप विकसित कर उनके प्रमाणीकरण के लिए 58 संजीवनी क्लीनिकों हेतु प्रति संस्था एक लाख रुपये के मान से कुल 58 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। जानकारी के मुताबिक, इसमें से 56.98 लाख रुपये खर्च भी कर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद जिले की किसी भी शहरी स्वास्थ्य संस्था का एनक्यूएएस प्रमाणीकरण नहीं कराया जा सका।
मामले में संदीप नामदेव, शिखा गर्ग और रेखा साहू को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। राज्य स्तर की समीक्षा में यह स्थिति सामने आने के बाद इसे दिशा-निर्देशों की अवहेलना और अधिकारियों की लापरवाही माना गया है।
अपर मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं के एनक्यूएएस प्रमाणीकरण की कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आवंटित राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, नोटिस की समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी संबंधित अधिकारी जवाब प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। ऐसे में अब उनके खिलाफ रिकवरी के साथ एफआईआर दर्ज होने की संभावना भी जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक