सागर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नौरादेही में सादगी से मनाया जन्मदिन, चीता प्रोजेक्ट का भूमिपूजन

 


सागर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपना जन्मदिन इस बार प्रकृति की गोद में सादगीपूर्ण ढंग से मनाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 61 वर्ष के हो गए हैं। बुधवार को वे सागर जिले स्थित रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व (नौरादेही) के मोहली परिक्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

नौरादेही पहुंचने पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ जन्मदिन मनाया। बच्चों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें मिठाई खिलाई और उपहार भेंट किए। स्थानीय महिलाओं ने तिलक लगाकर उनके दीर्घायु की कामना की।

प्रकृति प्रेम को दर्शाते हुए मुख्यमंत्री ने जंगल सफारी का आनंद लिया और पारिस्थितिकी संतुलन के उद्देश्य से नदी में कछुओं को छोड़ा। इस दौरान उन्होंने नौरादेही में प्रस्तावित चीता प्रोजेक्ट के तहत चीतों के बाड़े का भूमिपूजन भी किया, जिसे इस परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एक किसान के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने सादगी से भोजन किया। साथ ही गौमाता को चारा खिलाकर जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। उनका यह सहज और सरल व्यवहार क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

मुख्यमंत्री जबलपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सागर पहुंचे थे। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें गोपाल भार्गव, बृज बिहारी पटेरिया, वीरेंद्र सिंह, प्रदीप लारिया, श्याम तिवारी, रानी कुशवाहा और कलेक्टर संदीप जीआर प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुनः जबलपुर होते हुए इंदौर के लिए रवाना हो गए। पूरे दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे