दमोह: मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का जबेरा से शुभारंभ

 




दमोह, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शुक्रवार को जनपद पंचायत जबेरा के मंगल भवन से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित जनसंवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य यही है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ धरातल पर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान केवल औपचारिक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोककल्याण और सुशासन की दिशा में एक व्यापक जनअभियान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इतने लंबे समय तक चलने वाला यह पहला अभियान है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी गांवों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण सहित राजस्व संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, नल-जल योजना, आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सिविल अस्पतालों की व्यवस्थाओं का भी मौके पर निरीक्षण किया जाएगा। जहां कमियां मिलेंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पष्ट निर्देश है कि शासन की योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से भोपाल से लेकर जिला स्तर तक अधिकारी स्वयं गांवों में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनेगा। उन्होंने कहा कि अब अधिकारी-कर्मचारी स्वयं फील्ड में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारियों के फील्ड भ्रमण का दिन निर्धारित किया गया है, जिससे शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि अभियान जनवरी 2027 तक संचालित रहेगा और इस दौरान शासन की विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति का मूल्यांकन भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना है।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि योजनाओं की वास्तविक स्थिति कार्यालयों में बैठकर नहीं जानी जा सकती। इसके लिए अधिकारियों को गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करना होगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के चार प्रमुख आधार स्तंभों पर आधारित है। इन्हीं सिद्धांतों के अनुरूप जिले के सभी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया गया जन-विश्वास अभियान सुशासन और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर मूलभूत सुविधाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत मृतक आश्रित परिवारों को दो-दो लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु एक लाख बीस हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अजय सिंघई एवं जुगल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत अब प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामों में प्रशासनिक अमला पहुंचकर जनसंवाद करेगा, समस्याओं का निराकरण करेगा तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जमीनी समीक्षा करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव