सी.एम. हेल्प लाइन के कार्यो की समीक्षा, निराकरण में हीलाहवाली नहीं की जायेगी बरदाश्त
जबलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। शहर के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने सोमवार को सी.एम. हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का पूर्णतः संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाना सुनिश्चित हो।
निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने विभागवार लंबित प्रकरणों की बारीकी से जानकारी लेते हुए कहा कि सी.एम. हेल्पलाइन शासन की अत्यंत संवेदनशील और प्राथमिकता वाली व्यवस्था है, जिसके माध्यम से सीधे नागरिकों की समस्याओं का समाधान होता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्या को समझें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका प्रभावी समाधान करें।
बैठक में निगमायुक्त ने कार्य के प्रति जवाबदेही तय करते हुए सख्त चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से अपने-अपने विभाग की शिकायतों की मॉनिटरिंग करने तथा एल-1 और एल-2 स्तर पर ही प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हीला हवाली करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। समीक्षा बैठक में सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक