मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के निधन पर जताया दुख, कहा- दोषी छोड़ा नहीं जाएगा
भोपाल, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार काे भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत अधिकारी राकेश अग्रवाल के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घटना के दोषी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा, सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि राकेश अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के एक विनम्र, कर्मठ और सर्वप्रिय अधिकारी रहे। चित्रकला में उनकी प्रतिभा से सभी परिचित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राकेश अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अग्रवाल के निधन की घटना के संबंध में दोषियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को सतत् निगरानी के लिए निर्देशित किया गया है। राज्य सरकार इस मामले में पूरी तरह संवेदनशील है। किसी भी दोषी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
गौरतलब है कि राजधानी भोपाल में 70 वर्षीय सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की बुधवार तड़के उनके सूरजनगर स्थित घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दो दिन पहले ही काम पर रखा गया केयरटेकर वरुण कुमार लापता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में उसी पर शक है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत