मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महात्मा ज्योतिबा फुले को जयंती पर किया नमन
भाेपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। सामाजिक समानता, महिला शिक्षा के अग्रदूत और सत्यशोधक समाज के संस्थापक महात्मा ज्योतिबा फुले की आज शनिवार काे जयंती है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उन्हें स्मरण कर विनम्र नमन किया।
मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट कर महात्मा ज्याेतिबा फुले काे जयंती पर नमन करते हुए लिखा- समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के प्रबल अग्रदूत, महात्मा ज्योतिबा फुले जी की जयंती पर नमन करता हूं। उन्होंने कुरीतियों और असमानता के खिलाफ आवाज़ उठाई और शिक्षा के माध्यम से महिलाओं और वंचितों के लिए अवसर सृजित किए। उनके विचार समरसता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उल्लेखनीय है कि महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती हर साल 11 अप्रैल को मनाई जाती है (1827-1890)। वे एक प्रमुख भारतीय समाज सुधारक, विचारक और क्रांतिकारी कार्यकर्ता थे, जिन्होंने महिला शिक्षा, बाल विवाह निषेध और जाति-आधारित भेदभाव के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर लड़कियों के लिए पहला स्कूल शुरू किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे