मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद दिवस पर वीर सपूत भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को दी श्रद्धांजलि
भाेपाल, 23 मार्च (हि.स.)। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस (23 मार्च) पर आज साेमवार काे पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद दिवस पर उन्हें भावपूर्ण विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मां भारती के लिए अपने सर्वस्व को अर्पित करने वाले इन शहीदों का साहस और त्याग हमेशा हमें प्रेरित करता रहेगा। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा और राष्ट्र उनके प्रति सदा कृतज्ञ रहेगा।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट कर लिखा- मां भारती के चरणों में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर सपूत अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु जी के शहीद दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपके सर्वोच्च बलिदान का राष्ट्र कृतज्ञ रहेगा। आपके सपनों का भारत निर्मित करने के लिए देशवासी अंतिम सांस तक संकल्पित योगदान देंगे।
गाैरतलब है कि हर साल 23 मार्च को पूरे देश में शहीद दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन वीर सपूतों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को याद करने के लिए समर्पित है जिन्होंने भारत की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। शहीद दिवस मुख्य रूप से अमर स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के बलिदान को याद करने के लिए मनाया जाता है। 1931 में इसी दिन इन्हें लाहौर जेल में फांसी दी गई थी। शहीद दिवस केवल भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की याद में ही नहीं मनाया जाता, बल्कि उन सभी वीरों के सम्मान में भी इसे मनाया जाता है जिन्होंने अपनी कुर्बानी से देश की स्वतंत्रता की राह को आसान बनाया। यह दिन हमें उनकी वीरता, साहस और बलिदान की याद दिलाता है और देशभक्ति की भावना को हर दिल में जगाता है। यह दिन देश के युवाओं को उनके अदम्य साहस और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे