मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कोटा में हुई दुर्घटना पर जताया दुःख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के निर्देश
भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कोटा में भोपाल से खाटू श्यामजी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि पर गहन दुःख और शोकाकुल परिवारों के प्रति आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'एक्स' पर कहा कि दुर्घटना अत्यंत ही दु:खद एवं पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य शासन की ओर से भोपाल एवं बैतूल जिले के निवासी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ हर संभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गाैरतलब है कि राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में मध्य प्रदेश के आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सात बैतूल जिले के मुलताई और एक भोपाल का रहने वाला था। सभी लोग टेम्पो ट्रैवलर (मिनी बस) से भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे। शनिवार सुबह छह बजे कोटा शहर से 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास मिनी बस पुलिया से 15 फीट नीचे गिर गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे