मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कस्तूरीरंगन के निधन पर दु:ख व्यक्त किया
भोपाल, 25 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. कस्तूरीरंगन का शुक्रवार को बेंगलुरु में निधन हो गया। बेंगलुरु आवास पर उन्होंने 84 साल की आयु में अंतिम सांस ली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके निधन पर दु:ख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा है कि डॉ. कस्तूरीरंगन ने सुप्रसिद्ध अंतरिक्ष वैज्ञानिक के रूप में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विज्ञान और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित डॉ. कस्तूरीरंगन का सम्पूर्ण जीवन भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजन को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर