मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार और मंडला की घटना पर जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दी 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

 


भोपाल, 26 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर में गणेश विसर्जन के दौरान शुक्रवार शाम तीन युवकाें की डूबने से मौत हो गई। इसी प्रकार एक अन्य घटना में मंडला जिले में शनिवार सुबह गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों को करंट लग गया। इसमें चार युवकों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन दाेनाें ही घटनाओं पर शोक व्यक्त करते हुए इसे हृदयविदारक बताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने शनिवार काे धार की घटना को लेकर अपने साेशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पाेस्ट कर कहा कि धार जिले के बदनावर में गणेश विसर्जन के दौरान डेलची रोड स्थित नदी के पास तीन बच्चों के डूबने की हृदयविदारक घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रत्येक मृतक के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेरी बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

गाैरतलब है कि धार जिले में स्थित बदनावर कस्बे में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद हुए हादसे में तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक नाबालिग है। शुक्रवार को तीनों दोस्त डेलची रोड स्थित बागेड़ी नदी पर बने डैम में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले और पवन उर्फ कान्हा पुत्र भंवरलाल राठौड़ (18), निवासी भेरूउखलिया के रूप में हुई है।

मंडला में गणेश पंडाल में हुए हादसे पर भी जताया शाेक

इसके अलावा मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने मंडला जिले में शनिवार सुबह गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे चार युवकों को करंट लगने से हुई माैत पर भी गहरा दुख जताते हुए आर्थिक सहायता की घाेषणा की। मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर अपनी पाेस्ट में लिखा- मंडला जिले के हीरापुर गांव में गणेश पंडाल में हुए हादसे में चार युवकों के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि। दुःख की इस घड़ी में हम सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

बता दें कि मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में शुक्रवार की रात गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में करीब 7 से 8 युवक सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे पंडाल में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। मृतकों में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) शामिल हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे