मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक विजेता खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की डिस्कस थ्रो एफ54 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर खिलाड़ी सुवर्णा राज को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। सुवर्णा राज के शानदार प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और समर्पण ने देश को गौरवान्वित किया है। आप इसी तरह चमकती रहें और देश के अनगिनत उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहें।
एक अन्य ट्वीट में कहा कि एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने पर शीतल देवी और तोमन कुमार को हार्दिक बधाई। आपकी बेहतरीन टीम वर्क, अटूट दृढ़ संकल्प और शानदार प्रदर्शन ने देश को गौरवान्वित किया है। आप भविष्य में और भी ऊंचाइयां हासिल करें!
अन्य पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एशियन पैरा गेम्स-2026 के डब्ल्यू 1 विमेन्स आर्चरी इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतने पर स्वाति चौधरी, बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स एसएल 3-एसयू 5 स्पर्धा में प्रमोद भगत एवं मनीषा रामदास को कांस्य पदक, बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स एसएच6 में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतने पर निथ्या सुमथि सिवन एवं कृष्णा नागर, बैडमिंटन मेन्स सिंगल्स एसएल4 में कांस्य पदक जीतने पर अभिजीत सखुजा, बैडमिंटन विमेन्स डबल्स डब्ल्यूएच1-डब्ल्यूएच2 में कांस्य पदक जीतने पर अल्फिया जेम्स एवं पल्ल्वी के.एम, बैडमिंटन विमेन्स सिंगल्स एसएल3 में संजना कुमारी को कांस्य पदक और बैडमिंटन मेन्स सिंगल्स एसएल4 में सुहास एल. यथीराज को कांस्य पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी खिलाड़ियों की दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम एवं लगन ने सम्पूर्ण भारत का मान बढ़ाया है। यह श्रेष्ठ प्रदर्शन देश के करोड़ों खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत