स्वच्छता रैंकिंग में भोपाल को जगह नहीं मिलने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, मेयर को देने पहुंचे 'बेशर्म' के पौधे

 


भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार राजधानी भोपाल को कोई रैंक नहीं मिलने पर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को कांग्रेस नेता बेशर्म के पौधे और फूलों का गुलदस्ता लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निगम परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने मुख्य गेट पर ही बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता लटका दिया और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप मोनू सक्सेना के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि स्वच्छता के मामले में भोपाल की रैंकिंग गिरना शहर के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने इसके लिए नगर निगम की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया।

प्रदीप मोनू सक्सेना ने कहा कि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में भोपाल देश के स्वच्छ शहरों में दूसरे स्थान पर था। शहरवासियों और सफाईकर्मियों की मेहनत से यह उपलब्धि हासिल हुई थी। इस बार शहर को बेहतर रैंक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन भोपाल को कोई स्थान नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि आदमपुर खंती में कचरे का पहाड़ जमा होने और उसके निपटान में देरी के कारण शहर की स्वच्छता छवि प्रभावित हुई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम के जिम्मेदारों को इस स्थिति की जवाबदेही लेनी चाहिए।

महापौर निवास पर भी प्रदर्शन की तैयारी

पुलिस द्वारा निगम मुख्यालय में प्रवेश से रोके जाने के बाद कांग्रेसियों ने मुख्य गेट पर बेशर्म के फूलों का गुलदस्ता लटकाकर विरोध दर्ज कराया। सक्सेना ने कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता महापौर निवास पहुंचकर वहां भी बेशर्म के पौधे और गुलदस्ता भेंट करेंगे। उनका कहना था कि यह प्रदर्शन शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन को जगाने के लिए किया जा रहा है।

आदमपुर खंती में करीब पांच लाख टन कचरा बड़ी चुनौती

भोपाल की स्वच्छता व्यवस्था के सामने आदमपुर छावनी में जमा पुराने कचरे का निपटान बड़ी चुनौती बना हुआ है। यहां करीब पांच लाख टन पुराना कचरा जमा होने की जानकारी है। इसके निपटान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी चल रही है। इससे पहले नगर निगम ने भानपुर खंती में वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान कर स्वच्छता व्यवस्था में सुधार किया था। हालांकि आदमपुर में जमा कचरे का समाधान अब भी नहीं हो सका है। कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

पिछले सर्वेक्षण में दूसरे स्थान पर था भोपाल

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में भोपाल ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया था। शहर को 12,067 अंक मिले थे। इसके अलावा कचरा मुक्त शहरों की श्रेणी में 7 स्टार रेटिंग और वाटर प्लस का दर्जा भी मिला था। पिछले सर्वेक्षण में मिली उपलब्धि के बाद इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन मौजूदा सर्वेक्षण में रैंकिंग नहीं मिलने से नगर निगम की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध दर्ज कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे