अनूपपुर: स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है”- राज्य मंत्री जायसवाल
अनूपपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार काे जिले भर में विशेष स्वच्छता अभियान कार्यक्रम किया गया। नगर पालिका बिजुरी के वार्ड क्रमांक 15 स्थित भावनिया मंदिर परिसर में राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने मंदिर परिसर स्थित तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई में शामिल होकर की स्वच्छता, जनभागीदारी एवं जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही अमरकंटक के गांधी कुंड में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अर्पित पुष्प किया गया।
पुष्पराजगढ़ में विकास मंच की अगुवाई में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान क्षेत्र में स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक व्यवस्था और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करते हुए ग्राम पंचायत किरगी, स्थानीय प्रशासन, जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, व्यापारी वर्ग, पत्रकारों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की है। जिला कांग्रेस कार्यालय अनूपपुर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को स्मरण किया।
नगर पालिका बिजुरी में अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए तालाब परिसर में श्रमदान किया। तालाब एवं आसपास एकत्रित कचरे की सफाई की गई तथा परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं जनभागीदारी बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा की गई।
राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। गांधी जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम में तालाब की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे जलस्रोत और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ रहें, इसके लिए जनभागीदारी आवश्यक है। सफाई मित्र प्रतिदिन समर्पण के साथ स्वच्छता का कार्य करते हैं, उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
इस अवसर पर स्वच्छता कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें पीपीई किट प्रदान करते हुए राज्य मंत्री ने सफाई मित्रों के सेवाभाव एवं समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष साहबिन पनिका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार साहू, इंजीनियर एवं पार्षदगण सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अमरकंटक के गांधी कुंड में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प
पवित्र नगरी अमरकंटक में नर्मदा मंदिर के सामने स्थित गांधी कुंड में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद कर्मचारियों एवं नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को जीवन का आधार बनाकर देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज में शांति, सद्भाव, स्वच्छता और सामाजिक एकता की प्रेरणा देते हैं। उपस्थित लोगों ने गांधीजी के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती सिंह ऊईके, पार्षद विमल दुबे, श्यामलाल सेन एवं हरि सिंह ऊईके, सेवानिवृत्त नगर परिषद लेखपाल राधेश्याम उपाध्याय, नगर परिषद कर्मचारी गणेश पाठक, देवेंद्र जैन, लखन झरिया, नर्मदा प्रसाद पाठक, संतोष तिवारी, पत्रकार धनंजय तिवारी सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के डोंडी लोहारा से अमरकंटक पहुंचीं महिलाओं ने भी गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
पुष्पराजगढ़ विकास मंच की अगुवाई में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान
पुष्पराजगढ़ में गांधी जयंती पर पुष्पराजगढ़ विकास मंच की अगुवाई में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक व्यवस्था और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा है। अभियान में ग्राम पंचायत किरगी, स्थानीय प्रशासन, जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, व्यापारी वर्ग, पत्रकारों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की है। पुष्पराजगढ़ विकास मंच ने पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक गांव के लोगों को जोड़कर जनभागीदारी के माध्यम से पुष्पराजगढ़ को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित बनाने की दिशा में पहल लगातार जारी हैं।
अभियान के दौरान पुष्पराजगढ़ बस स्टैंड, मुख्य बाजार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और हाट बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई की गई है। दुकानदारों और व्यापारियों से दुकानों के सामने कचरा पात्र रखने तथा नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई। स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों का सम्मान कर उनके श्रम के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
मंच ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में सफाई कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनके कार्य का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर मंच ने बस एवं ऑटो संचालकों से भी निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने और बस स्टैंड एवं बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
पुष्पराजगढ़ विकास मंच का कहना है कि विकास केवल सड़क, भवन और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है। स्वच्छता, सुव्यवस्थित यातायात, जागरूक नागरिक और जिम्मेदार समाज भी विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। अभियान में पुष्पराजगढ़ विकास मंच के संरक्षक डॉ. रोहित मरावी, आशुतोष सिंह , अध्यक्ष मनोज जायसवाल (बबलू), कार्यवाहक अध्यक्ष गोविंद सोनवानी, सचिव आशीष सेन, सह-सचिव आत्मा बघेल, हीरा सिंह श्याम, सरपंच अर्जुन सिंह, राजीव लोचन, सुनील गुप्ता, अजय सोनी, पुष्पेंद्र रजक, जनपद पंचायत सीईओ हरीश चंद्र द्विवेदी, मुख्य चिकित्सक अधिकारी सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार ईश्वर प्रधान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं मंच के सभी सदस्यों सहित आम नागरिक उपस्थित रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला