उज्जैनः सिंहस्थ हेतु नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन की योजना बन रही जमीनी स्तर पर

 


उज्जैन, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की होमगार्ड डीजी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव रविवार को उज्जैन आई। उन्होने महाकाल दर्शन किए और बाबा महाकाल से आपदा मुक्त सिंहस्थ की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगामी सिंहस्थ की सुरक्षित,सफल और आपदा मुक्त योजना बनाने का काम जमीनी स्तर पर चल रहा है। कार्ययोजना को तैयार करने में अलग-अलग टीम,अलग-अलग काम कर रही है।

डीजी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि वैश्विक स्तर के सिंहस्थ महापर्व को पूर्णत: सुरक्षित, आपदा-मुक्त, भव्य और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए होमगार्ड द्वारा अपने स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होने बताया कि यह महापर्व देश-दुनिया का सबसे बड़ा और अनूठा आध्यात्मिक समागम होगा, जहां करोड़ों श्रद्धालु, साधु-संत और विदेशी पर्यटक पवित्र क्षिप्रा नदी में आस्था की डुबकी लगाने आएंगे। इतने बड़े आयोजन में जनहानि की आशंकाओं को शून्य करने और हर परिस्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन की टीमें अभी से जमीनी स्तर पर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने में जुटी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित वातावरण मिल सके। बाबा महाकाल के आशीर्वाद, अत्याधुनिक आपदा प्रबंधन तकनीक और टीम की कर्तव्यनिष्ठा से सिंहस्थ महापर्व सुरक्षित व सुव्यवस्थित होगा।

शहर आगमन के बाद डीजी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने बाबा महाकाल की पूजा-अभिषेक कर लोक-कल्याण की कामना की। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। उन्होने महाकाल मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उनका यह दौरा शासनिक दृष्टिकोण से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि सिंहस्थ में होमगार्ड जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

आज उच्च स्तरीय संवाद कार्यक्रमसोमवार को प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव कालिदास संस्कृत अकादमी में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के संबंध में एक उच्च स्तरीय संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगी। उक्त कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा के सिविल डिफेंस वालंटियर्स, आपदा मित्र और होमगार्ड के सैनिक सहभागिता करेंगे।

---------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल