छिंदवाड़ा में पुलिस की बोलेरो-स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत

 




छिंदवाड़ा, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना क्षेत्र में सोमवार को बोलेरो और स्कॉर्पियो वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कुल पांच लोगों को चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है की चोरई पुलिस आरोपी को लेकर छिंदवाड़ा रही थी तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का टायर फटने से वह जाकर पुलिस की गाड़ी से टकरा गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अजय पांडे जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से उपचार संबंधी जानकारी ली तथा बेहतर इलाज के निर्देश दिए। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु कराया। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan