अनूपपुर: कार हादसे में बच्चों का टूटा पैर, कांग्रेस ने चालक-जेएमएस कंपनी अफसरों पर कार्रवाई की मांग

 




अनूपपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा में गुरूवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में एक सड़क हादसे को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है।

कांग्रेस ने 29 जुलाई को कोतमा-निगवानी रास्ते पर हुए हादसे के दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी न होने पर थाने का घेराव किया जाएगा। जिसमें बताया गया कि 29 जुलाई को कोतमा-निगवानी मार्ग पर जेएमएस कंपनी की एक गाड़ी ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद ड्राइवर घायल को मौके पर ही तड़पता छोड़कर गाड़ी लेकर भाग गया।

12 वर्षीय बालक के पैर की हड्डी टूटी

ज्ञात हो कि कल कोतमा नगर में शाम एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार दो बच्चों को जोरदार टक्कर मारने के बाद कार चालक गाड़ी समेत मौके से भाग निकला। हादसे में 12 वर्षीय के वेदांश त्रिपाठी के पैर की हड्डी टूट गई है। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। वहीं, उनके साथी दूसरे किशोर को भी मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

कांग्रेस ने इसे सीधा 'हिट एंड रन' का मामला बताते हुए आरोप लगाया गया है कि हादसे के समय गाड़ी में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। इसके बावजूद उन्होंने घायल को अस्पताल पहुंचाने या पुलिस को खबर देने की इंसानियत और कानूनी जिम्मेदारी नहीं निभाई।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

चालक पर हिट एंड रन समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। गाड़ी में बैठे कंपनी के जिम्मेदार अफसरों पर भी कानूनी कार्रवाई हो। घायल के पूरे इलाज का खर्च कंपनी से दिलवाया जाए। आबादी बाले क्षेत्र में तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए।

कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 5 दिनों के अंदर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और घायल के इलाज का इंतजाम नहीं किया गया, तो पार्टी थाने का घेराव करेगी और बड़ा आंदोलन चलाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राजेश जैन, महासचिव संतोष यादव, सचिव रवि पांडेय, देवेंद्र गौतम, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा, संध्या वर्मा, मोहम्मद सफीर समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला