मंदसौरः राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर चित्रकूट से लौटे स्वयंसेवकों का किया स्वागत
मंदसौर, 18 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के 10 स्वयंसेवकों ने मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग तथा अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर, चित्रकूट में सहभागिता की। इस शिविर में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के ध्वज तले कुल 75 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंदसौर के प्रभारी प्राचार्य डॉ.डी.सी. गुप्ता ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिला मंदसौर से सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन द्वारा चयनित दल का नेतृत्व एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार आर्य ने किया। दल में 4 स्वयंसेविकाएँ — हर्षिता पाटीदार, गिरिजा पाटीदार, दीक्षा गुप्ता एवं रानू माली तथा 6 स्वयंसेवक — हिमांशु चरेड, राहुल शर्मा, नीलेश मेघवाल, सुमित गंधर्व, आनंद राठौर एवं शिवराज सिंह शामिल थे। शिविर से लौटने पर डॉ. आर्य एवं सभी स्वयंसेवकों का महाविद्यालय परिसर में पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
शिविर में स्वयंसेवकों ने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए मध्यप्रदेश के सात विश्वविद्यालयों से आए लगभग 600 स्वयंसेवकों के साथ प्रभात फेरी, परियोजना कार्य, खेलकूद एवं विभिन्न सामूहिक गतिविधियों में भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को मध्य प्रदेश के मालवा, बुंदेली और निमाड़ी अंचलों की संस्कृति, बोली और पारंपरिक वेशभूषा को जानने और समझने का अवसर मिला।
इस उपलब्धि पर प्रभारी प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी.सी. गुप्ता ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया