भोपाल में रविवार को 3 लाख 32 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो खुराक

 


- आंगनवाड़ी केंद्रों, अस्पतालों के साथ शॉपिंग मॉल, बाजारों, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड पर भी टीमें तैनात

भोपाल, 27 जून (हि.स.) । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून, रविवार को 5 साल तक की उम्र के बच्चों को पोलियो दवा का सेवन कराया जाएगा। अभियान के तहत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के 3 लाख 32 हजार बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।

जनसंपर्क अधिकारी अरुण शर्मा ने शनिवार को जानकारी दी कि पोलियो दवा सेवन के लिए जिले में 2710 बूथ बनाए गए हैं। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं चिन्हित सरकारी और निजी अस्पतालों में ये बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही शॉपिंग मॉल्स और बाजारों में भी दवा पिलाने के लिए टीम तैनात की गई हैं।

उन्होंने बताया कि जिले से बाहर जाने वाले एवं जिले में आने वाले 5 साल तक के प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाने के लिए एयरपोर्ट, रेल्वे स्टेशन, बस स्टेण्ड इत्यादि स्थानों पर ट्रांजिट बूथ बनाए गये है। हाईरिस्क क्षेत्रों जैसे- ईंट भट्टे, क्रेशर, निर्माण स्थल, घुमक्कड़ आबादी में मोबाईल टीम तैनात की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि भारत के पड़ोसी देशों में पोलियो के केस अभी भी आ रहे हैं, इसलिए 5 साल तक के बच्चों को दवा सेवन कराना ज़रूरी है। डॉ. शर्मा ने परिजनों से आग्रह किया कि अभियान के पहले दिन बच्चों को बूथ पर लाकर दवा पिलायें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत