राजगढ़ः बकरी चराने गए किशोर की कुएं में डूबने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

 


राजगढ़, ०1 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लहरची में सोमवार को एक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लहरची निवासी निर्मल वर्मा (16) पिता पर्वत वर्मा, सोमवार दोपहर बकरियां चराने जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसे प्यास लगी तो वह पास ही पंडित जी के खेत पर बने कुएं से पानी लेने पहुंचा। बताया जा रहा है कि कुएं के किनारे पानी भरने के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे कुएं में जा गिरा। कुएं में गहरा पानी होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घटना का पता चलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। निर्मल एक गरीब परिवार से था। उसके पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। किशोर की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक