राजगढ़ः आंगन में खेल रही 3 साल की बालिका को सांप ने डंसा, उपचार के दौरान मौत
राजगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीपुरा में घर के आंगन में बच्चों के साथ खेल रही तीन वर्षीय बालिका को सांप ने डंस लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम जोगीपुरा निवासी कृतिका उर्फ दिव्या (3) पुत्री रमेश गुर्जर घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान अचानक सांप ने उसके दाहिने हाथ की उंगली में डंस लिया। सांप के काटने के बाद बालिका की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध हो गई। परिजन तत्काल उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान बालिका ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक