राजगढ़ः घर के आंगन में खेल रहे मासूम की सांप के काटने से मौत

 


राजगढ़, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मांडाखेड़ा में गुरुवार की शाम 5 वर्षीय बालक की सांप के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम ग्राम मांडाखेड़ा निवासी विराट (5) पुत्र दिनेश पारदी घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक जहरीले सांप ने उसके हाथ की उंगली में डस लिया। सांप के काटते ही बालक की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़फूंक कराने के लिए दूसरे गांव ले गए। वहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि बच्चे की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद घबराए परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक