राजगढ़ः कुएं में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत

 


राजगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के धनवासखुर्द गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालिका की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब वह अपनी सहेलियों के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम हरीपुरा थाना दांगीपुरा निवासी ताराबाई (12) पुत्री रामदयाल तंवर इन दिनों अपने मामा के गांव धनवासखुर्द में रह रही थी। गुरुवार को वह अपनी सहेलियों के साथ बकरियां चराने जंगल गई थी। इसी दौरान सभी गांव के करणसिंह तंवर के कुएं पर नहाने पहुंचीं। नहाते समय अचानक ताराबाई का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। सहेलियों के शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद बच्ची को कुएं से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि बालिका कुएं में किन परिस्थितियों में गिरी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक