राजगढ़ः बिजली के तार की चपेट में आने से मासूम बालिका की मौत
राजगढ़,20 मार्च (हि.स.)। भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाजला में अपने मामा के घर रह रही आठ वर्षीय बालिका सड़क पर टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गई, बेसुध हालत में परिजन उसे खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम देहरा हालमुकाम खाजला निवासी आठ वर्षीय राधिका पुत्री किशनलाल तंवर गली में बच्चों के साथ खेल रही थी तभी उसे सड़क पर टूटे पड़े बिजली के तार से करंट लग गया, गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि बालिका अपने मामा के गांव खाजला में रहकर कक्षा एक में पढ़ाई कर रही थी, देर शाम वह घर से मैगी खाकर बच्चों के साथ खेलने के लिए निकली, तभी वह करंट की चपेट में आ गई। परिजनों के अनुसार राधिका दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। गांव में अचानक हुई इस घटना से माहौल गमगीन है और ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लापरवाही की जांच की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक