मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बालाघाट में जन-विश्वास अभियान में होंगे शामिल
- सभी जिलों में इस बार 29 अगस्त को जन-विश्वास अभियान
भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अगस्त शनिवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में बालाघाट जिले में शामिल होंगे। शुक्रवार को रक्षाबंधन का अवकाश होने के कारण इस बार 29 अगस्त शनिवार को संपूर्ण प्रदेश में जनविश्वास अभियान आयोजित होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागाध्यक्ष के अलावा कलेक्टर्स और कमिश्नर सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को इस संबंध में निर्देश जारी किए है।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश बैन ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट में जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतकर्ताओं की शिकायतें समक्ष में सुनी जाएंगी। इस दौरान बैठक और समीक्षा के साथ मीडिया संवाद तथा उद्योग संवाद भी होगा। प्रदेश के सभी जिलों में भी जन विश्वास अभियान 29 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनविश्वास अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय आवासीय संस्थाएं, उदाहरणार्थ आवासीय विद्यालय, आश्रम, छात्रावास आदि का भ्रमण तथा निरीक्षण अनिवार्यत: किया जाएगा। इन संस्थाओं में रहने वाले छात्र छात्राओं और युवाओं से संवाद के साथ ही महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा भी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत