मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महान क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खान की जयंती पर किया नमन

 


भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिये अपना जीवन समर्पित करने वाले, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महान क्रांतिकारी स्व. अशफाक उल्ला खां की जयंती पर पुण्य स्मरण कर उन्हें नमन किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन जैसे ऐतिहासिक क्रांतिकारी अभियान में आपकी भूमिका और देश की आजादी के लिए आपका सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा। मां भारती की सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की अशफ़ाक उल्ला खां की गौरवगाथा युगों-युगों तक स्मरणीय रहेगी।

उल्लेखनीय है कि अशफाक उल्ला खान एक महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी थे। उनका जन्म 22 अक्टूबर 1900 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हुआ था। काकोरी काण्ड में अपने अदम्य उत्साह और साहस का परिचय देकर अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे। ब्रिटिश हुकूमत ने उनके पकड़े जाने के बाद उन्हें जेल में कठोर यातनाएं दी और सरकारी गवाह बनाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन उन्होंने हुकूमत के हर प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उन्होंने फांसी के फंदे को गले का हार बनाया और ब्रिटिश हुकूमत ने 19 दिसम्बर, 1927 को अशफाक उल्ला खां को फैजाबाद जेल में फांसी दे दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत