मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खरगोन के कतरगांव में गेहूं उपार्जन केन्द्र का किया आकस्मिक निरीक्षण

 






- व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों और पशुपालकों से की चर्चा

भोपाल, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को खरगोन जिले में मंडलेश्वर तहसील के कतरगांव स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने संबंधितों को निर्देशित किया कि गेहूँ उपार्जन से संबधित शासन के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

बता दें कि डॉ. यादव ने महेश्वर में बुधवार रात्रि विश्राम किया था। सुबह मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कतरगांव गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया और किसानों तथा पशुपालकों से चर्चा कर उनके साथ चाय पी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां स्लॉट बुकिंग और उपार्जन की अन्य व्यवस्थायें और किसानों को ओटीपी के माध्यम से किये जा रहे भुगतान की जानकारी प्राप्त की। किसानों से चर्चा कर फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपार्जन के लिए आ रहे किसानों के लिए पेयजल, छाँव आदि सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अन्नदाता को सम्मान, सुविधा एवं उपज का उचित मूल्य दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्र पर किसान व पशुपालक भगीरथ मालवीय तथा अन्य किसानों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनसे खेती-किसानी सम्बंधी चर्चा कर पशुपालन व डेयरी विकास के साथ ही परिजनों के बारे में भी जानकारी ली।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत