मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल से 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा' को किया रवाना, विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

 






धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही मप्र सरकार : मुख्यमंत्री

भोपाल, 07 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-एक से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा' का शुभारंभ किया। उन्होंने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान भगवान की भक्ति का पूरा आनंद लें और सत्संग में भी हिस्सा लें।

संस्कृति विभाग द्वारा 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के अंतर्गत आयोजित की जा रही इस पहली गौरवशाली यात्रा में प्रदेश के विभिन्न अंचलों से 1100 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। यह ट्रेन भोपाल के बाद उज्जैन स्टेशन से भी तीर्थयात्रियों को लेते हुए सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेगी। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी और भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक को गोली मारने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन चुनाव हारने की हताशा में हिंसा का मार्ग अपनाना पूरी तरह अनुचित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजनीति में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए और जनता ने शायद इसी व्यवहार के कारण विपक्षी दलों को सत्ता से दूर किया है। उन्होंने विदेशी ताकतों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि नया भारत अपनी सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा करना अच्छी तरह जानता है।

धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक उत्थान पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने उज्जैन का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि सुविधाओं के विस्तार और 'महाकाल लोक' के निर्माण के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि 17 बार आक्रमण झेलने के बाद भी यह मंदिर आज पूरी भव्यता के साथ हमारी अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिसके तहत हेली सेवा के बाद अब रेलवे के माध्यम से इस विशेष यात्रा की शुरुआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा 'जियो और जीने दो' तथा विश्व कल्याण का संदेश देती है। उन्होंने यात्रियों से भगवान की भक्ति और सत्संग का आनंद लेने की अपील की। बता दें कि 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026' का आयोजन 8 से 11 जनवरी तक सोमनाथ में किया जा रहा है, जहां मध्य प्रदेश का यह दल विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आध्यात्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करेगा। इस यात्रा का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीकों के प्रति जन-आस्था को सुदृढ़ करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत