डॉ. बशीर बद्र ने अपनी शायरी से मानवता के साथ जीने का संदेश दिया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री ने मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र के निधन पर जताया दु:ख
भोपाल, 28 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को 'पद्मश्री' से सम्मानित मशहूर शायर बशीर बद्र के निधन पर गहन दु:ख जताया और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि पद्म श्री' से सम्मानित, प्रसिद्ध शायर डॉ. बशीर बद्र जी के निधन पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। डॉ. बद्र ने अपनी शायरी के माध्यम से मानवता के साथ जीने का संदेश दिया। उन्होंने अपनी रचनाओं से सदी के महान शायरों में स्थान बनाया और जिंदगी को आसान बनाने के सूत्र भी दिए। उनके लेखन में बेजोड़ रचनात्मकता के दर्शन होते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिजन, प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
गौरतलब है कि मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का गुरुवार दोपहर भोपाल में निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। डॉ. बशीर बद्र लंबे समय से डिमेंशिया नामक बीमारी से ग्रसित थे। उनकी याददाश्त जा चुकी थी। वे लोगों को पहचान भी नहीं पा रहे थे। पिछले कुछ समय से उनकी सेहत लगातार गिरती जा रही थी। उनके निधन की खबर से लाखों प्रशंसकों में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत