मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन, बाबूलाल जैन और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को किया नमन
भोपाल, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरित क्रांति के शिल्पकार डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन की जयंती, वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री बाबूलाल जैन और राष्ट्रगान के रचयिता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि हरित क्रांति के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान, नवाचार, दूरदर्शिता और किसान कल्याण के प्रति डॉ. स्वामीनाथन का बहुमूल्य योगदान, भारत की खाद्य आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव सिद्ध हुआ है।
बाबूलाल जैन की पुण्यतिथि पर नमन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जैन की सादगी, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्रगान के रचयिता, सुप्रसिद्ध साहित्यकार, महान शिक्षाविद् एवं नोबेल पुरस्कार से सम्मानित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। श्रद्धेय टैगोर ने अपने साहित्य, शिक्षादर्शन और मानवीय मूल्यों के माध्यम से भारत कीसांस्कृतिक चेतना को नई दिशा प्रदान की। ज्ञान, सृजन, संवेदना और राष्ट्र प्रेम का गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर का संदेश आज भी विकसित, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की हमारी यात्रा को निरंतर आलोकित करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत