राज्यपाल पटेल की संवैधानिक मूल्यों और अंत्योदय के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता प्रेरणादायी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- राज्यपाल को मुख्यमंत्री ने जन्मदिवस की दीं शुभकामनाएं, पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिवादन
भोपाल, 01 जून (हि.स.) । मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल के जन्मदिवस पर सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित लोकभवन पहुंचकर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल पटेल को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्पगुच्छ, अंग वस्त्रम और बाबा महाकाल की प्रतिकृति भेंट कर उनका अभिवादन किया। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि राज्यपाल मंगुभाई पटेल जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। संवैधानिक मूल्यों और अंत्योदय के प्रति आपकी निष्ठा, कर्तव्यपरायणता तथा प्रतिबद्धता प्रेरणादायी है। मां नर्मदा से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु प्रदान करें।
मंगुभाई पटेल : संक्षिप्त जीवन परिचय
मंगुभाई पटेल का जन्म 1 जून 1944 को गुजरात के नवसारी जिले में हुआ। समाज सेवा को अपना प्रमुख कार्यक्षेत्र बनाने के साथ उनकी अभिरुचि खेल, संगीत तथा अध्ययन में रही है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत स्थानीय निकायों से की और वर्ष 1982 से 1987 तक नवसारी नगर पालिका के सदस्य रहे।
वे भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों पर रहे, जिनमें गुजरात भाजपा आदिवासी मोर्चा के अध्यक्ष तथा भाजपा गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष एवं महासचिव प्रमुख हैं। वे वर्ष 1990 से 2017 तक लगातार गुजरात विधानसभा के सदस्य रहे। गुजरात सरकार में उन्होंने जनजातीय कल्याण, वन एवं पर्यावरण, तथा कुटीर एवं उद्योग विभागों में मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं। साथ ही वे गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक अध्यक्ष भी रहे।
जनजातीय कल्याण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उनका विशेष योगदान रहा है। उन्होंने सिकल सेल उन्मूलन अभियान, जनजातीय विकास, विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए आजीविका योजनाओं, पेसा अधिनियम के क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी अनेक नवाचारों को बढ़ावा दिया। उनके प्रयासों से जनजातीय अध्ययन एवं विकास केंद्रों तथा नए विश्वविद्यालयों की स्थापना को भी प्रोत्साहन मिला।
मंगुभाई पटेल ने जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, केन्या, युगांडा, कैमरून, कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका सहित अनेक देशों की यात्राएं कर विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। वे कई पुस्तकों और प्रकाशनों के लेखक भी हैं, जिनमें मौन का उद्घोष, मन की बात, अखंडता का उत्सव तथा संकल्प का सामर्थ्य प्रमुख हैं। 8 जुलाई 2021 से मंगुभाई पटेल मध्य प्रदेश के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत