हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर खंडवा में हुआ राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 16.97 करोड़ से नगर निगम खंडवा के नवनिर्मित कार्यालय भवन का किया लोकार्पण
भोपाल, 16 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए संकल्पित है। जनजातीय समाज का गौरव, स्वाभिमान, संस्कृति और आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। राज्य सरकार जनजातीय वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके कल्याण, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को खंडवा में हुए राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम खंडवा में 16.97 करोड़ रूपए की लागत से 30 हजार वर्गफीट में नवनिर्मित पांच मंजिला कार्यालय भवन का लोकार्पण कर खंडवावासियों को सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा में दादाजी धूनीवाले के समाधि स्थल को भव्य स्वरूप दिया गया है। वहीं ओंकारेश्वर में 2500 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सहज जीवनशैली, गौरवशाली परम्पराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर होना ही विकास की पहली सीढ़ी, पहली जरूरत होती है। हमारा संकल्प है कि जनजातीय समाज अपनी पुरातन परम्पराओं को सहेजते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कौशल विकास के हर अवसर से जुड़े तथा आत्मनिर्भरता के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा और स्वाधीनता संग्राम में जनजातीय वीर नायकों का योगदान अतुलनीय रहा है, लेकिन दुर्भाग्यवश इतिहास के पन्नों में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला। हमारी सरकार ने इन महानायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को समुचित सम्मान देने के लिए इनके नाम पर गौरव दिवस, स्मारक, उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने के साथ ही इनकी कर्मस्थली में कैबिनेट मीटिंग्स करने का निर्णय लिया है। वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में दो (जबलपुर एवं सिंग्रामपुर में) और राजा भभूत सिंह की स्मृति में पचमढ़ी में हम कैबिनेट मीटिंग कर चुके हैं। रानी दुर्गावती के नाम पर हमने कोदो-कुटकी (श्रीअन्न) प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की है। हम जनजातीय महापुरूषों के नाम पर विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज भी खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडला में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। हमने खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या भील के नाम पर और गुना में तात्या टोपे के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किए हैं। महू में रेलवे स्टेशन भी बनाया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सच्चे अर्थों में महामानव थे। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में तत्कालीन अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी प्रथाओं एवं कानून के विरुद्ध संघर्ष करते हुए राष्ट्र के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने मातृभूमि की रज, गज और ध्वज (मिट्टी, पुरा संस्कृति और स्वाभिमान) की रक्षा के लिए अंग्रेजों से लड़कर पूरे देश को प्रेरणा दी। अपने कर्म और आदर्शों के बलबूते राष्ट्र के लिए बलिदान देने के कारण ही वे अपने छोटे से जीवनकाल में ही इंसान से भगवान बन गए। ऐसे वीर नायक की 151वीं जयंती पर मध्यप्रदेश में तीन दिन राज्यस्तरीय कार्यक्रम और एक सप्ताह तक प्रदेश के सभी जिलों, महाविद्यालयों, छात्रावासों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगभग 1500 से अधिक जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2021 से 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जी की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। प्रधानमंत्री मोदी अपने मन में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का भाव रखते हुए कार्य करते हैं। इसीलिए भारत के राष्ट्रपति के पद पर आज जनजातीय समुदाय से आने वाली श्रीमती द्रोपदी मुर्मु आसीन हैं। हम जनजातीय अंचलों के विकास के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के जल से खंडवा में सिंचाई सुविधाओं का विकास हो रहा है। इससे खंडवा सहित निमाड़ अंचल के तापमान में गिरावट आई है। यहां के किसानों द्वारा उगाई मिर्च देश-दुनिया में अपनी पहचान रखती है। राज्य सरकार किसानों सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
जनजातीय विद्यार्थियों को अधिकारी बनाने के लिए 20 करोड़ रूपए का विशेष प्रशिक्षण पैकेज मंजूर
सम्मेलन में जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश को बिजली, पानी, सिंचाई, सड़क, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय भाइयों के सम्मान में आयोजित किया जाता है। शासन सभी वर्गों का सम्मान करने के काम साथ ही विकास करना भी जानती है। इसलिए इंदौर में जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों को अधिकारी बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण पैकेज के तहत 20 करोड़ रुपए मंजूर किए है। इससे अगले साल से 100-100 जनजातीय युवकों और युवतियों को उत्कृष्ट स्तर का प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातीय, युवा, महिला, किसान और गरीबों के विकास की ओर अग्रसर है। उनके नेतृत्व में प्रदेश के जनजातीय अंचलों में कॉलेज स्कूल, सड़क बिजली सहित हर क्षेत्र में विकास किया गया। खंडवा जिले में बच्चों के लिए कॉलेज आने जाने के लिए बसे दी हैं।
राज्यस्तरीय सम्मेलन में खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे, पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े, उपाध्यक्ष कुंवर दिव्यादित्य शाह, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता यादव, इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, आईजी अनुराग, कलेक्टर ऋषव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जिले के जनजातीय बंधु एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
16.97 करोड़ से निर्मित आधुनिक नगर निगम भवन में मिलेंगी नागरिकों को बेहतर और सुगम सेवाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को खंडवा में नगर पालिक निगम के नवनिर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नए भवन में प्रवेश किया। कुल 16 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह नवनिर्मित नगर निगम भवन 30 हजार वर्गफीट भूमि पर विकसित किया गया है। भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 65 हजार वर्गफीट है। भूतल सहित पांच मंजिला इस भवन में 80 कक्ष, 22 नागरिक सेवा काउंटर, एक विशाल हॉल तथा दो लिफ्ट की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 13 हजार वर्गफीट क्षेत्र में पार्किंग विकसित की गई है, जिसमें अनुमानित रूप से 30 चार पहिया एवं 100 दो पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।भवन निर्माण का कार्यादेश अक्टूबर 2024 में जारी किया गया था। तय अवधि के अंतर्गत नवंबर 2026 में भवन का निर्माण पूर्ण किया गया। नवीन भवन का प्रमुख उद्देश्य नगर निगम की विभिन्न शाखाओं को एक ही परिसर में संचालित करना है, जिससे नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा तथा उन्हें एक ही स्थान पर सुगम, सुव्यवस्थित एवं बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत