राज्य में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं, मप्र को बनाना है आंतरिक सुरक्षा का आदर्श : मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

 








- मुख्‍यमंत्री ने किया भारतीय पुलिस सेवा के वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ

भोपाल, 16 जनवरी (हि.स.) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में संगठित अपराध के लिए कोई जगह नहीं है और सरकार का लक्ष्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श राज्य बनाए रखना है। प्रदेश में जल्द ही प्रमोशन से जुड़ी स्वीकृतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पुलिस विभाग को और मजबूत करने के लिए पर्याप्त भर्तियां भी की जाएंगी। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में पुलिस की भूमिका बेहद अहम है और सरकार हर स्तर पर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भारतीय पुलिस सेवा के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्‍मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में कई तरह की चुनौतियां होती हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को अभिनंदन के पात्र बताया।

मप्र पुलिस की अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 मध्य प्रदेश सरकार के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है और सरकार व पुलिस नए अनुभवों के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और राज्य में संगठित अपराध को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र और कानून व्यवस्था की मजबूती में पुलिस हर कदम पर सरकार के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने नशा विरोधी अभियानों में प्रदेश पुलिस की लगातार मिल रही सफलता को भी सराहा।

नए कानूनों के क्रियान्वयन में मप्र पुलिस देश के लिए मिसाल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नए कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने में मध्य प्रदेश पुलिस देश के लिए एक आदर्श उदाहरण बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में साइबर अपराधों समेत सभी तरह के संगठित गिरोहों और अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की धरती से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया करने में पुलिस अधिकारियों ने सराहनीय भूमिका निभाई है। इसके लिए उन्होंने पुलिस बल को बधाई दी। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति और जनसेवा की भावना को और मजबूत करते हुए मध्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श राज्य बनाए रखना हम सभी का साझा लक्ष्य है और इसमें पुलिस की भूमिका सबसे अहम है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय पुलिस सेवा के वार्षिक सम्मेलन के शुभारंभ अवसर पर परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री का पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और भारतीय पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष चंचल शेखर ने पुष्प गुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने स्वागत उद्बोधन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत