छिंदवाड़ा में एनएसयूआई के कॉलेज घेराव के दौरान हंगामा, 4 महिला पुलिसकर्मी घायल

 






छिंदवाड़ा, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में मंगलवार को 17 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएसयूआई के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कॉलेज घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग के पास पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान चार महिला पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। एक महिला पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ने पर उसे व्हीलचेयर की मदद से कॉलेज के प्राचार्य कक्ष तक ले जाया गया।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में छात्र प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे। संगठन ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने समेत 17 सूत्रीय मांगों को लेकर कॉलेज का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों को कॉलेज परिसर में प्रवेश से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। छात्रों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पहले बहस हुई और बाद में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई।

इसी दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं के कॉलेज परिसर में पहुंचने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। दोनों संगठनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के बाद कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। स्थिति को संभालने पहुंचे सीएसपी अभिषेक चौधरी से भी छात्रों की बहस और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। हंगामे के बाद कॉलेज परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

प्राचार्य कक्ष में भी हुई बहस

हंगामे के बाद एएसपी आशीष खरे प्राचार्य कक्ष पहुंचे। यहां भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस हुई। छात्रों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया। माहौल गर्म होता देख एएसपीने छात्रों को अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी और बाद में बैठक से बाहर चले गए।

प्रदर्शन की पूर्व सूचना के बावजूद टकराव

एनएसयूआई पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन की सूचना पहले से प्रशासन को दी गई थी। इसके बावजूद कॉलेज परिसर में विरोधी छात्र संगठन के पहुंचने और दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से स्थिति बिगड़ गई। घटना के बाद कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से घटना और घायल पुलिसकर्मियों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

छात्र संघ चुनाव से लेकर छात्रवृत्ति तक 17 मांगें

एनएसयूआईने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने, कॉलेज में रिक्त शैक्षणिक पदों को भरने और परीक्षा व रिजल्ट से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। संगठन ने समय पर छात्रवृत्ति और मार्कशीट उपलब्ध कराने, लाइब्रेरी का विस्तार करने, खेल मैदान और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा कॉलेज परिसर में कथित अवैध कब्जे और संगठनों की गतिविधियों पर रोक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, करियर काउंसलिंग, प्लेसमेंट और विद्यार्थियों के लिए हेल्प डेस्क शुरू करने जैसी मांगें भी शामिल हैं।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआईजिलाध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मांगो, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोलू पटेल, कांग्रेस प्रवक्ता नितिन उपाध्याय समेत कांग्रेस और एनएसयूआईके पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की ओर से सीएसपी अभिषेक चौधरी, कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत, धर्मटेकड़ी चौकी प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे